Related Posts with Thumbnails

Wednesday, April 7, 2010

ब्रेकिंग न्यूज़


एक चैनल के दफ्तर में काफी गहमा-गहमी थी। उनके प्रतिद्वंद्वी चैनल ने सानिया और शोएब की खबर ब्रेक कर दी थी। बॉस न्यूज रूम में फोन पर गरिया रहा था और बचे-खुचे बाल नोंच रहा था। रिपोर्टर भी सकते में थे।
ख़ैर रिपोर्टर भी ब्रेकिंग न्यूज ढूंढने में जुट गया। थोड़ी ही देर बाद टीवी पर खबर फ्लैश हुई। शोएब-सानिया परेशान बालकनी में दिखाई दिए। शोएब की आंख में आंसू। सानिया ने रुमाल से पोछे आंसू।
तभी चैनल की एंकर लाइव टेलिकास्ट के लिए हैदराबाद में मौजूद अपने संवाददाता से बातचीत करती है।
एंकर: फिलहाल क्या खबर है?
रिपोर्टर: जी, मैं आपको यह बताना चाहूंगा कि अभी कुछ देर पहले ही शोएब को सानिया के घर की बालकनी में देखा गया था। सानिया भी वहां मौजूद थीं। शोएब काफी परेशान नजर आ रहे थे। और इसी परेशानी में उनके आंसू निकल आएं।
एंकर: अच्छा, सानिया की क्या प्रतिक्रिया थी?
रिपोर्टर: जी, सानिया ने तुरंत रुमाल निकालकर उनके आंसू पोछे। मैं आपको दूं यह वही रुमाल है जिसे शोएब ने पहली मुलाकात में सानिया को गिफ्ट किया था। सानिया को रुमाल रखने का बहुत शौक है। उनके पास हजारों किस्म के रुमाल रखे हैं।
तभी बेक्र हो जाता है।

ब्रेक के बाद एंकर क्रिकेट की खबर बताती है और कहती है। चलिए ताजा जानकारी के लिए चलते सीधे हैदराबाद।

एंकर: इस वक्त वे दोनों कहां है?
रिपोर्टर: जी. इस समय वे दोनों लंच कर रहे हैं?
एंकर : क्या शाोएब के लिए कोई खास पकवान बनाया गया है?
रिपोर्टर: हमारी अभी अभी मिर्जा परिवार को खानसामे से बात हुई है। उन्होंने कहा है कि उन्होंने शोएब के लिए खास तौर पर हैदराबादी बिरयानी बनाई है। शोएब को बिरयानी बहुत पसंद है। इसके अलावा,पुडिंग और रूमाली रोटी, तंदूरी चिकन वगैराह भी है।
एंकर: शुक्रिया तो ये थे हमारे संवाददाता जो हमे हैदराबाद से जानकारी दे रहे थे कि क्या कुछ चल रहा है अभी सानिया के घर में।
(ब्रेक हो जाता है।)
(एंकर फिर टीवी स्क्रीन पर दिखाई देती है।)
दर्शकों को अब तक की सबसे बड़ी के बारे में बताते हैं कि सानिया और शोएब को बालकनी में देखा गया था और शोएब के आंसू सानिया ने पोछे। ताजा जानकारी के लिए हम रुख करते हैं सीधे हैदराबाद का।
एंकर: फिलहाल क्या कोई जानकारी मिल पाई है।
रिपोर्टर: जी मैं आपको यह बताना चाहूंगा कि दोनों ने शाम को घूमने जाने का प्लान बनाया है। दोनों वहां आइसक्रीम खाएंगे। क्योंकि जहां तक हमे जानकारी मिली जिस जगह वे जाएंगे वहां की आइसक्रीम सानिया को बहुत पसंद है।
स्क्रीन पर नीचे न्यूज की पट्टियां चल रहीं थीं।

घाटी में मुठभेड़ तीन जवान शहीद।
फीस न भरने पर स्कूल प्रबंधन ने बच्चों आधी रात होस्टल से निकाला।
विदर्भ में तीन किसानों ने की आत्महत्या।
गलत ट्रेक पर डालने से यात्री गाड़ी पटरी से उतरी, दो मरे।
नक्सलियों ने कहा हम चुप नहीं बैठेंगे।

1 comment: